|
|
|
| आस्ट्रेलिया में और फैली नस्ली हमले की आग |
मेलबर्न। मेलबर्न व सिडनी में भारतीय छात्रों पर हो रहे नस्ली हमले की आग दक्षिण आस्ट्रेलिया में भी भड़क गई है। एडीलेड में एक किशोर ने 22 वर्षीय भारतीय युवक की पगड़ी को लेकर अपशब्द कहे और उसे घायल कर दिया। कुछ दिनों के भीतर आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र पर हमले की यह बारहवीं घटना है। एडीलेड में ही 26 वर्षीय पाकिस्तानी छात्र यासिर राजा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी कार की नंबरप्लेट पर 'राजा' लिखा होने के कारण कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। ताजा वारदात आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री केविन रड और दक्षिण आस्ट्रेलिया राज्य के प्रमुख माइक रैन की चेतावनी के बावजूद हुई है। इन दोनों नेताओं ने कहा था कि देश में किसी भी प्रकार का नस्ली हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एडीलेड के एक व्यस्त बाजार में हुई वारदात के संबंध में 17 वर्षीय एक लड़के को गिरफ्तार किया गया। बाद में अदालत ने उसे जमानत दे दी। पुलिस के मुताबिक हमले में भारतीय छात्र की नाक चोटिल हुई है व जबड़ा टूट गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक पहले भारतीय छात्र ने ही आस्ट्रेलियाई किशोर को घूंसा मारा था। भारतीय छात्र का कहना है कि आस्ट्रेलियाई किशोर ने झगड़े की शुरुआत की। पगड़ी पर टिप्पणी करते हुए उसने कहा, 'तुम सिर पर क्या पहने हुए हो?' रैन ने हमले के बाद भी यही दोहराया कि उनके यहां नस्ली हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया विदेशी छात्रों के लिए सबसे सुरक्षित व विभिन्न समुदायों के मददगार देश के रूप में जाना जाता है। दक्षिण आस्ट्रेलिया में 27,700 विदेशी छात्र रहते हैं। सरकार 2014 तक यह संख्या 62 हजार तक ले जाना चाहती है। राज्य में विदेशी छात्रों की पढ़ाई का कारोबार सालाना 74 करोड़ डालर का है। राज्य के शिक्षा मंत्री माइकल ओ'ब्रायन के मुताबिक विदेशी छात्रों पर हुए हमले की जांच के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। संघीय सरकार ने भी 28 जून को हमलों पर चर्चा करने के लिए एक बैठक बुलाई है।
|
|
|
|
|